• Sat. May 30th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तरकाशी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, दो तीर्थयात्रियों की मौत, तीन घायल

ByParyavaran Vichar

May 30, 2026

उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गंगनानी के पास हेलगुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे उस समय हुआ, जब गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर आ रही एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

जानकारी के अनुसार कार में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67) और दामोदर हरीराम रामटेककर (77) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों चारधाम यात्रा पर आए हुए थे।

वहीं दुर्घटना में घायल होने वालों में विमल कुमार (61) और उपासना (54) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा तथा वाहन चालक यशवीर (35) निवासी पंजाब शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस और बचाव दल ने मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित करता है, विशेषकर चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात के बीच।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *