• Mon. Jun 29th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड के पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से पकड़ा गया

ByParyavaran Vichar

Jun 29, 2026

देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को सोशल मीडिया पर बम विस्फोट की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी से जुड़े पोस्ट वायरल हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर विश्लेषण, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की। तकनीकी निगरानी के आधार पर 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह, निवासी अंबाला (हरियाणा), को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। साथ ही नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि धमकीपूर्ण, भ्रामक या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *