• Fri. Jul 3rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पहली ही बारिश में धंसा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

ByParyavaran Vichar

Jul 3, 2026

देहरादून। मानसून की पहली तेज बारिश में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंस गया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कुछ वाहनों के रिम टूट गए, जबकि कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि सड़क धंसने की यह घटना शामली जिले के हाथी करौंदा गांव के पास हुई। बुधवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।

राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई। एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो बागपत यूनिट के अंतर्गत आने वाले एक्सप्रेसवे के हिस्से का है।

घटना के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशभर में टॉप ट्रेंडिंग विषयों में शामिल रहा। आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी सड़क धंसने की घटना को लेकर निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एक्सप्रेसवे के देहरादून क्षेत्र में निर्माण संबंधी कुछ खामियां सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पहली ही मानसूनी बारिश में सड़क धंसने की घटना ने परियोजना की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *