• Sat. Jul 25th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में कोहरा व बारिश, ठंड बढ़ी, यात्रा सुचारु रूप से जारी

ByParyavaran Vichar

Jul 25, 2026

उत्तराखंड के केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से कोहरा छाया रहा और लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ठंड बढ़ने के बावजूद दोनों धामों की यात्रा सामान्य रूप से जारी है और श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

केदारनाथ धाम में अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, यात्रा पूरी तरह निगरानी में संचालित हो रही है। पिछले दो दिनों में भारी बारिश के अलर्ट के चलते एहतियातन यात्रा कुछ समय के लिए रोकी गई थी और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। फिलहाल मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि आगामी कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा और हल्की बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन दर्शन की व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।

इस बीच, बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा को सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पुल की लोड टेस्टिंग के बाद इसे अगस्त में यातायात के लिए खोलने की योजना है।

करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम में कमी आएगी। इससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर, सुरक्षित और तेज़ आवागमन की सुविधा मिलेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *