• Fri. Jul 31st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

जनसमस्याओं के समाधान में नहीं होगी देरी, तय समय में कार्रवाई करें अधिकारी: मंत्री राजेश धर्माणी

ByParyavaran Vichar

Jul 30, 2026

घुमारवीं (बिलासपुर), 26 जुलाई। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार जन शिकायतों को गंभीरता से सुनने के साथ उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही भी सुनिश्चित कर रही है।

शनिवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, घुमारवीं में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान मंत्री ने विभिन्न पंचायतों और क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। मंत्री ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

राजेश धर्माणी ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक विभाग शिकायतों के निस्तारण के लिए समयसीमा तय करे और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री ने जल शक्ति विभाग को सभी क्षेत्रों में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को बारिश से प्रभावित या क्षतिग्रस्त सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करने तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुचारू रखने को कहा। उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को भी बारिश के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसी भी खराबी की स्थिति में तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने की है। इसी उद्देश्य से जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की शिकायतों का मौके पर समाधान हो और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *