• Fri. Jul 31st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

खुली नाली और तेज बहाव ने ली दो मासूम बहनों की जान, परिवार में पसरा मातम

ByParyavaran Vichar

Jul 31, 2026

देहरादून, 31 जुलाई। राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। मूसलाधार बारिश के बीच तेज बहाव और खुली नाली इस हादसे का प्रमुख कारण बने, जिससे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां मंदिर के सामने बारिश के दौरान खेल रही थीं। इसी दौरान छोटी बहन सोनाक्षी खेलते-खेलते खुली नाली के पास पहुंच गई और तेज बहाव में बहने लगी। बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन लक्ष्मी तुरंत नाली में उतर गई, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वह भी संतुलन खो बैठी। दोनों बहनें बहते हुए नाली के ऊपर बने रैंप के नीचे पाइपनुमा संरचना में फंस गईं।

स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि जिस नाली में हादसा हुआ, वहां तीखी ढलान होने के कारण बारिश के समय पानी अत्यधिक गति से बहता है। फिसलन के चलते बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं और बहाव की चपेट में आ गईं।

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पानी कम होने के बाद जब लोगों ने रैंप के नीचे देखा तो घर में पानी की आपूर्ति के लिए लगी पाइपनुमा संरचना और उसमें फंसा एक पत्थर मिला, जिसके बीच दोनों मासूम बहनें फंसी हुई थीं।

यह हादसा बरसात के मौसम में खुले नालों और असुरक्षित जल निकासी व्यवस्था से उत्पन्न खतरे की गंभीर याद दिलाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खुले नालों को ढकने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *