• Sat. Aug 1st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: पति और ननद गिरफ्तार, दहेज हत्या के आरोप में कार्रवाई

ByParyavaran Vichar

Aug 1, 2026

ऋषिकेश/देहरादून: हर्रावाला निवासी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पति और ननद को दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को हर्रावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर पति सौरभ खत्री, सास, ननद और अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना तथा अपशकुन और मनहूस कहकर लगातार परेशान किया जाता था।

सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सृष्टि स्वयं एक शिक्षिका (प्रवक्ता) थीं। शादी के लगभग आठ महीने बाद, 29 जुलाई 2026 को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

जांच के तहत पुलिस ने मृतका की मां के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों का आरोप है कि सृष्टि लंबे समय से मानसिक तनाव और प्रताड़ना झेल रही थीं, लेकिन परिवार और रिश्ते को बचाने की कोशिश में उन्होंने कभी खुलकर अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं की। घटना के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *