• Mon. Aug 3rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड: भूस्खलन से यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे बाधित, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

ByParyavaran Vichar

Aug 3, 2026

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर साफ दिखाई दे रहा है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया सहित कई स्थानों पर मलबा और बड़े पत्थर गिरने से बंद हो गया है। मार्ग को खोलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार राहत एवं सफाई कार्य में जुटी हैं। वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया है।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और गर्जन की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से गर्मी का असर महसूस किया गया। देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *