• Tue. Aug 11th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बारिश भी नहीं रोक सकी कांवड़ियों के कदम, हरिद्वार से 4.43 करोड़ से अधिक शिवभक्त ले जा चुके गंगाजल

ByParyavaran Vichar

Aug 11, 2026

हरिद्वार। सावन शिवरात्रि से एक दिन पहले सोमवार को हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर नजर आई। सुबह से हुई तेज बारिश और हवाओं के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक डाक कांवड़ियों का सैलाब उमड़ता रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से धर्मनगरी का माहौल शिवमय बना रहा।

सोमवार को कांवड़ मेले का 12वां दिन था। प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम छह बजे तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके थे। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे हैं, जबकि कई भक्त विभिन्न वाहनों से अपने क्षेत्रों की ओर लौट रहे हैं।

सुबह करीब सात बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बीच भी डाक कांवड़ियों की रफ्तार नहीं थमी। तेज हवाओं और बारिश के बावजूद कांवड़िए लगातार आगे बढ़ते रहे। दोपहर करीब तीन बजे तक हुई बारिश से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए, लेकिन शिवभक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

शहर की गलियों, चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर चारों ओर कांवड़ियों का हुजूम दिखाई दिया। डीजे पर बज रहे शिव भक्ति गीतों पर झूमते कांवड़ियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। बारिश में भीगते हुए श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

डाक कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी, लेकिन सोमवार को हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की बड़ी संख्या देखने को मिली। प्रशासन के अनुसार मंगलवार शाम तक कांवड़ यात्रा में शामिल कुल श्रद्धालुओं का अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *