• Sat. May 23rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मसूरी में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए शटल सेवा शुरू

ByParyavaran Vichar

May 23, 2026

पहाड़ों की रानी मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक जाम से पर्यटकों को राहत देने के लिए प्रशासन ने नई शटल सेवा शुरू कर दी है। शुक्रवार से किंग्रेग पार्किंग से इस सेवा का संचालन शुरू किया गया। इसका उद्देश्य शहर की सड़कों पर बड़े वाहनों की भीड़ कम करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

शटल सेवा का उद्घाटन एसडीएम राहुल आनंद ने प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के साथ किया। नई व्यवस्था के तहत टैंपो ट्रैवल्स जैसे बड़े वाहनों को किंग्रेग में ही रोका जा रहा है। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस क्षेत्र तक पहुंचाया जा रहा है।

शुरुआत में कुछ पर्यटकों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें इसके फायदे समझाकर संतुष्ट किया। प्रशासन का कहना है कि इससे शहर में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और छोटे व निजी वाहन बिना किसी परेशानी के शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि यह व्यवस्था पूरे पर्यटन सीजन के दौरान लागू रह सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में लोग इस नई व्यवस्था के अभ्यस्त हो जाएंगे और यातायात बेहतर तरीके से संचालित होगा।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कई होटलों में पर्याप्त पार्किंग नहीं होने के कारण टैंपो ट्रैवल्स सड़क किनारे खड़े हो जाते थे, जिससे जाम की समस्या बढ़ती थी। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले बड़े वाहनों को किंग्रेग में ही रोका जा रहा है। पर्यटकों को शहर तक पहुंचाने के लिए टैक्सी एसोसिएशन के सहयोग से कम किराए पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके अलावा, सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि मसूरी आने वाले पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *