• Sat. May 23rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

ऋषिकेश में चारधाम पंजीकरण के दौरान हंगामा, टिकट काउंटर का शीशा टूटा

ByParyavaran Vichar

May 23, 2026

ऋषिकेश ।   ऋषिकेश   रोडवेज बस अड्डे और चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में भारी भीड़ के कारण शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण और टिकट लेने पहुंचे यात्रियों की लंबी कतारों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ यात्री लाइन तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे काफी देर से इंतजार कर रहे यात्रियों में नाराजगी फैल गई।

स्थिति तब बिगड़ गई जब टिकट काउंटर पर जोरदार धक्का लगने से वहां लगा शीशा और लोहे का जाल टूटकर अंदर गिर गया। घटना के बाद रोडवेज अधिकारियों ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया।

ट्रांजिट कैंप और आईएसबीटी में पंजीकरण के लिए भारी भीड़ उमड़ी रही। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्रियों को टोकन देने की व्यवस्था शुरू की है। कई स्थानों पर पंजीकरण अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु काउंटरों पर डटे रहे।

चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में 24 पंजीकरण काउंटर और आईएसबीटी के छह काउंटर पूरे दिन यात्रियों से भरे रहे। जर्मन हैंगर, पगोडा टेंट और पार्किंग परिसर भी श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे। कई यात्री पंजीकरण के बाद कैंप में ही आराम करते नजर आए।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से आए श्रद्धालु प्रभात ने बताया कि वह करीब 100 लोगों के दल के साथ यात्रा पर आए हैं और पंजीकरण के लिए लंबे समय से लाइन में खड़े हैं।

चारधाम यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पीपी नौटियाल ने कहा कि तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन की ओर से निशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *