• Mon. May 25th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

एसएससी ऑनलाइन परीक्षा में नकल का बड़ा खुलासा, जल्द फंस सकती हैं बड़ी मछलियां

ByParyavaran Vichar

May 25, 2026

देहरादून  ।  देहरादून  और नोएडा में एसएससी ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, परीक्षाओं में एक विशेष पैटर्न के तहत नकल कराई जा रही थी। उत्तराखंड एसटीएफ के बाद अब यूपी एसटीएफ ने भी एक ऑनलाइन लैब में छापा मारकर इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्रों की लैब स्थापित करने वाले लोगों ने ही सर्वर रूम में छेड़छाड़ कर नकल का तंत्र तैयार किया था। देहरादून के एमकेपी कॉलेज में फरवरी में ऐसी ही एक लैब पकड़ी गई थी, जिसके बाद “महादेव डिजिटल” नाम की लैब को बंद करा दिया गया।

एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह से जुड़े लोगों ने देशभर में करीब 500 लैब स्थापित की थीं, जिनमें से 100 से अधिक लैब में सर्वर एक्सेस का गलत इस्तेमाल कर नकल कराई जा रही थी। इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि कुछ आरोपी अभी भी जांच के दायरे में हैं।

हाल ही में नोएडा में एसएससी की सीएपीएफ, एसएसएफ और असम राइफल्स परीक्षा के दौरान भी इसी तरह की नकल पकड़ी गई। यूपी एसटीएफ ने सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें देहरादून मामले के वांछित आरोपी अमित राणा और उसका साथी भी शामिल हैं।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क केवल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। परीक्षार्थियों से लाखों रुपये लेकर पास कराने की बात भी सामने आई है।

इस पूरे मामले ने एसएससी की ऑनलाइन परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसटीएफ का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही कई बड़े खुलासे तथा नई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *