• Fri. May 29th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में भाजपा का मिशन 2027 तेज, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे देवभूमि

ByParyavaran Vichar

May 29, 2026

देहरादून: आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लगातार दौरों के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उत्तराखंड पहुंच गए हैं। पार्टी राज्य में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि उत्तराखंड पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। यही वजह है कि शीर्ष नेताओं के लगातार दौरे कर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पिछले वर्ष नवंबर में राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून आए थे। इसके बाद फरवरी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। मार्च में गृहमंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हल्द्वानी कार्यक्रम भी चर्चा में रहा।

14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना का उद्घाटन किया था। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी राज्य से जुड़ी सड़क परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी साझा की थी।

अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य में कोर कमेटी, कैबिनेट मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

भाजपा इस बार भी “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस करते हुए बूथ प्रबंधन को मजबूत करने में जुटी है। जहां पिछली बार कमियां रह गई थीं, वहां कोर कमेटी को सक्रिय किया जा रहा है।

हाल के महीनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार और करीब 80 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके जरिए पार्टी विभिन्न सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने के साथ कार्यकर्ताओं को संगठन में भागीदारी का संदेश देना चाहती है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *