• Tue. Jun 16th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

भाजपा नेता की हत्या के बाद बैरागीवाला में तनाव, 25 मुस्लिम परिवारों ने छोड़े घर

ByParyavaran Vichar

Jun 16, 2026

देहरादून सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव गहरा गया है। हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाओं के बाद 25 से अधिक मुस्लिम परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। गांव की मस्जिद भी बंद है और उस पर ताला लगा हुआ है।

शनिवार को खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी विनोद कुमार और उनके भाइयों पर कथित रूप से दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में विनोद कुमार के सिर पर हथौड़े से वार किया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उनके भाई अशोक और राजेश गंभीर रूप से घायल हुए।

घटना के बाद रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों तथा विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गांव में प्रदर्शन किया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने दो मकानों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा भीड़ को तितर-बितर किया। कुछ लोगों ने हाईवे जाम करने का भी प्रयास किया।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और आईटीबीपी की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन ने आरोपियों के एक मकान और दो दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है। पूरे गांव में सुरक्षा बलों की निगरानी जारी है।

पुलिस ने हत्या के मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक और आरोपी इम्तियाज को सोमवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी अमन अभी भी फरार है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद गांव के मुस्लिम बहुल इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई परिवार भय और असुरक्षा के कारण अपने घर छोड़ चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *