• Fri. Jun 26th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

निहंगों के दून कूच की सूचना पर हाई अलर्ट, देर रात तक पुलिस रही सतर्क

ByParyavaran Vichar

Jun 26, 2026

देहरादून: निहंग सिखों के एक जत्थे के देहरादून की ओर बढ़ने की सूचना मिलने के बाद गुरुवार देर रात जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सूचना के आधार पर जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर आ गए। डीएम आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला और प्रेमनगर, सेलाकुई व आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वाहनों की जांच शुरू की गई और निहंगों के संभावित मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। साथ ही खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया।

करीब दो घंटे तक प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस की बड़ी तैनाती और अधिकारियों की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल दिखाई दिया। कई लोग घटनाक्रम की जानकारी लेने के लिए सड़कों पर जुट गए और सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं की पुष्टि करने का प्रयास करते रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए। बाद में स्थिति सामान्य होने पर अतिरिक्त पुलिस बल को वापस बुला लिया गया, हालांकि पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता जारी रही।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और शहर में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *