ज्योतिर्मठ (चमोली), 24 जुलाई 2026: वर्ष 2023 में हुए भू-धंसाव से प्रभावित ज्योतिर्मठ के लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रभावित पुश्तैनी, पौराणिक, पत्थर और पठाल से बने पुराने घरों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद मुआवजे की राशि तय की जाएगी और पात्र परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे कि केवल कंक्रीट के मकानों ही नहीं, बल्कि पुराने पुश्तैनी घरों को भी मुआवजे के दायरे में शामिल किया जाए। इससे पहले नगर क्षेत्र में कंक्रीट के मकानों के लिए मुआवजा दिया जा चुका है। अब सरकार ने पुराने पारंपरिक मकानों के लिए भी मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके अलावा राजीव आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने प्रभावित मकानों का भी सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के आधार पर इन मकानों के लिए भी मुआवजा निर्धारित किया जाएगा।
