• Sat. Jul 25th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से यात्रा प्रभावित, 200 यात्रियों को एहतियातन रोका गया

ByParyavaran Vichar

Jul 25, 2026

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार को गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर गरुड़चट्टी के पास बोल्डर और मलबा गिरने से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय उस स्थान से कोई यात्री नहीं गुजर रहा था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मार्ग के विभिन्न स्थानों पर करीब 200 श्रद्धालुओं को एहतियातन रोक दिया। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) गुप्तकाशी की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 1 बजे पैदल मार्ग को फिर से आवाजाही के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद यात्रियों को आगे रवाना किया गया।

बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। इसका असर न केवल पैदल मार्ग बल्कि सोनप्रयाग-गौरीकुंड सड़क मार्ग पर भी कई स्थानों पर देखा जा रहा है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं और मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही तत्काल उसे खोलने का काम कर रही हैं।

इसके अलावा, डीडीआरएफ (DDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *