देहरादून। अग्निवीर भर्ती योजना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए योजना को समाप्त करने और सेना में पहले की तरह स्थायी भर्ती प्रक्रिया बहाल करने की मांग की है। देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने अग्निवीर योजना को लेकर अपनी आपत्ति जताई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अग्निवीर योजना के तहत युवाओं को चार वर्ष की सेवा के बाद भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ सकता है। उनका कहना है कि इससे सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य की सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के बड़ी संख्या में परिवारों का सेना से पुराना जुड़ाव रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में सेना की भर्ती युवाओं के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम रही है। ऐसे में चार साल की सेवा के बाद युवाओं के भविष्य को लेकर चुनौती उत्पन्न होना चिंता का विषय है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से अग्निवीर भर्ती योजना को समाप्त कर सेना में पूर्व की तरह स्थायी भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होने वाले युवाओं को दीर्घकालिक रोजगार और सेवा से जुड़े अवसर उपलब्ध होने चाहिए।
