• Thu. Oct 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं पर बना ‘लंका दरबार’ वीडियो गेम वायरल, भाजपा ने किया किनारा

ByParyavaran Vichar

Oct 22, 2026

देहरादून, 22 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाकर बनाया गया एक वीडियो गेम इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘उत्तराखंड कांग्रेस का लंका दरबार’ नाम से वायरल हो रहे इस गेम में कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं को रावण के किरदार में दिखाया गया है। गेम में भगवान राम के रूप में दिखाई देने वाला खिलाड़ी अलग-अलग अस्त्रों से इन किरदारों पर हमला करता है। प्रत्येक राउंड के अंत में खिलाड़ी को स्कोर मिलता है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

हालांकि, इस गेम को किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। भाजपा ने भी इस गेम से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।

छह प्रमुख कांग्रेस नेताओं को दिखाया गया रावण

वायरल गेम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को रावण के किरदार में दिखाया गया है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

गेम के प्रत्येक चरण में संबंधित नेता के नाम के साथ कुछ आरोप प्रदर्शित किए जाते हैं। इसके बाद उस किरदार को समाप्त करने के लिए अलग-अलग अस्त्रों का विकल्प दिया जाता है। गेम पूरा होने पर खिलाड़ी को स्कोर मिलता है और अंत में ‘जय श्रीराम’ की ध्वनि सुनाई देती है।

करन माहरा से शुरू होता है गेम

वायरल लिंक खोलने पर गेम का पहला राउंड पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के किरदार से शुरू होता है। उनके नाम के साथ कुछ आरोप प्रदर्शित किए जाते हैं। इसके बाद उनके रावण किरदार पर हमला करने के लिए अग्निअस्त्र का विकल्प दिया जाता है।

दूसरे राउंड में कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी का किरदार दिखाई देता है। उनके नाम के साथ भी आरोप लिखे आते हैं और उनके किरदार पर हमले के लिए वरुणास्त्र का विकल्प मिलता है। इस चरण में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का प्रचार भी प्रदर्शित होता है।

हरक सिंह रावत और गणेश गोदियाल के किरदार भी शामिल

गेम के तीसरे राउंड में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का किरदार आता है। उनके नाम के साथ दो आरोप दिखाए जाते हैं। इस किरदार को समाप्त करने के लिए नागास्त्र का विकल्प दिया गया है। इसके साथ सख्त भू-कानून का प्रचार भी दिखाई देता है।

चौथे राउंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का किरदार आता है। उनके नाम के साथ दो आरोप प्रदर्शित किए जाते हैं। इस चरण में उनके रावण किरदार पर हमला करने के लिए वायवास्त्र का विकल्प मिलता है। इसके साथ अग्निवीर सेल के गठन का प्रचार भी शामिल है।

हरीश रावत के लिए वैष्णवास्त्र, राहुल गांधी के लिए ब्रह्मास्त्र

पांचवें राउंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का किरदार दिखाया गया है। गेम शुरू होने से पहले उनके नाम के साथ तीन आरोप प्रदर्शित किए जाते हैं। इस चरण में वैष्णवास्त्र का विकल्प दिया गया है, जिसके साथ 30 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रचार दिखाई देता है।

आखिरी राउंड में राहुल गांधी का रावण किरदार आता है। इसे समाप्त करने के लिए ब्रह्मास्त्र का विकल्प दिया गया है। इस चरण में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का प्रचार भी प्रदर्शित किया जाता है।

गेम समाप्त होने के बाद ‘जय श्रीराम’ की ध्वनि सुनाई देती है। इसके बाद संदेश के माध्यम से कांग्रेस को उत्तराखंड से हटाने का आह्वान किया जाता है।

भाजपा ने गेम से किया किनारा

गेम के वायरल होने के बाद इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि उनकी पार्टी का इस गेम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गेम को किसने विकसित किया है, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

फिलहाल गेम के निर्माता और इसे प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इसके पीछे किसका हाथ है और इस मामले में आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *