• Sun. Jul 27th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

माफिया अनुपम व परिजनों की 9.83 करोड़ की 13 संपत्तियां कुर्क, तीन जिलों में प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

ByParyavaran Vichar

Apr 22, 2025

फर्रुखाबाद। माफिया अनुपम दुबे और उसके परिजनों की तीन जिलों में 9.83 करोड़ रुपये की 13 संपत्तियां कुर्क कर ली गई। सदर तहसीलदार श्रद्धा पांडेय की अगुवाई में ढुइया, फतेहगढ़ में कार्रवाई की गई। मैनपुरी के भोगांव और हरदोई के सवायजपुर में भी कुर्की की कार्रवाई हुई। सदर तहसीलदार श्रद्धा पांडेय सोमवार को दोपहर राजस्व कर्मियों और थाना मऊदरवाजा थाना थानाध्यक्ष बलराज भाटी, सदर कोतवाल राजीव पांडेय के साथ मोहल्ला ढुइया पहुंचीं।

वहां डुगडुगी पिटवाई गई। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई पूरी की गई। यहां बने करीब 12 मकानों को कुर्क किया। इस जमीन की कीमत 1.64 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके बाद राजस्व कर्मी फतेहगढ़ के मोहल्ला दालमंडी पहुंचे। वहां 550 वर्गमीटर भूभाग को कुर्क किया। इसकी कीमत 1.34 करोड़ बताई गई। मोहल्ला मछली टोला में भी कुर्की कार्रवाई की गई। कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में भी कुर्की हुई। अनुपम सहित परिवारी जनों की छह संपत्तियों को यहां से कुर्क की गईं हैं।

थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि हरदोई प्रशासन ने सवायजपुर में 1.94 करोड़, मैनपुरी प्रशासन ने भोगांव थाने के नवीगंज में दो स्थानों पर 2.30 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। इसकी कीमत 9.83 करोड़, 12 लाख 166 रुपये है। ढुइया में बने मकानों में रह रहे लोगों को आठ दिन में खाली करने का नोटिस दिया है। फर्रुखाबाद के ढुइया में बने करीब 12 मकानों के मालिकों को नोटिस मिलने के बाद परेशान हो गए। उन्होंने 10 साल पहले पक्कापुल निवासी महिला और पुरुष से बैनामे कराए थे। दोपहर बाद तहसीलदार के साथ मऊदरवाजा थाना पुलिस पहुंची, तो लोग दहशत में आ गए।

पुलिस ने डुगडुगी पिटवाई। इसमें कहा कि यह संपत्ति माफिया अनुपम दुबे की है। इस पर जो भी मकान बने हैं, उन्हें आठ दिन में खाली कर दिया जाए। अन्यथा पुलिस कार्रवाई करेगी। यह सुनकर लोग परेशान हो गए। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे घरों से निकल आए। उन्होंने कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया। संजीव चौरसिया ने बताया कि यह जमीन पहले किसकी थी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। 10 साल पहले खरीदकर मकान बनवा लिए। अब वह लोग बच्चों को लेकर कहां जाएंगे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *