• Wed. Sep 23rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

किच्छा बवाल: विधायक बेहड़ को थप्पड़ मारने का आरोपी गिरफ्तार, 30 लोग हिरासत में

ByParyavaran Vichar

Sep 23, 2026

ऊधम सिंह नगर। किच्छा में नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई हाथापाई और थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने थप्पड़ मारने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में 30 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

40 वर्षीय धीरज कुमार गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, लालपुर की आस्था कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय धीरज कुमार को विधायक बेहड़ को थप्पड़ मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इसके अलावा मतगणना केंद्र पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है

मतगणना केंद्र पर दोनों पक्ष आमने-सामने आए

यह विवाद मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे नई मंडी स्थित मतगणना परिसर में हुआ। विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ आए एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मारा। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग जगह भेजा

हंगामे के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को पंतनगर स्थित सिडकुल चौकी ले जाया गया, जबकि विधायक बेहड़ और उनके समर्थकों को किच्छा कोतवाली ले जाया गया। पुलिस ने अन्य लोगों को भी चिह्नित कर हिरासत में लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी तरह का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *