• Mon. Jul 28th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उफ…ये गर्मी: जून में 121 साल बाद 42 डिग्री पार पहुंचा देहरादून का तापमान, अगले दो दिन भी राहत के आसार नहीं

ByParyavaran Vichar

Jun 14, 2024

देहरादून। मई के बाद जून में भी चिलचिलाती गर्मी खूब परेशान कर रही है। आलम यह है कि 121 साल बाद दून का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके चलते दिन के साथ रात को भी गर्म हवाओं ने जमकर झुलसाया। इससे पहले साल 1902 की चार जून को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री रहा था, जो अभी तक का जून महीने का अधिकतम तापमान है।

दिन प्रतिदिन बढ़ती गर्मी की वजह मौसम वैज्ञानिक प्री मानसून की बारिश का न होना भी बता रहे हैं। इतना ही नहीं अगले दो दिन भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है इस बारिश में आई गिरावट और जलवायु परिवर्तन के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक भीषण गर्मी पड़ रही है। यही वजह है कि दिन के साथ रात को भी गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो बृहस्पतिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 42.4 डिग्री रहा। रात का न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री इजाफे के साथ 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने के आसार हैं।

प्रदेश के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में झोंकेदार हवाओं के साथ गर्म हवा परेशान कर सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। जबकि मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। केंद्र की ओर से गर्म हवाओं का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शहर  –  अधिकतम –  न्यूनतम

देहरादून –  42.4 –  26.0
पंतनगर –  41.0 –  23.0
मुक्तेश्वर –  31.0 –  18.2
नई टिहरी –  31.6 –  20.2

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *