• Thu. Jul 31st, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

हरिद्वार में भगदड़ के बाद चेती सरकार, प्रमुख धार्मिक स्थलों में होगा भीड़ प्रबंधन सर्वे

ByParyavaran Vichar

Jul 31, 2025

देहरादून। हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना के बाद प्रदेश सरकार ने सतर्कता बरतते हुए राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों में भीड़ प्रबंधन सर्वे कराने का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए।

पहले चरण में मनसा देवी, चंडी देवी, नीलकंठ, कैंचीधाम और पूर्णागिरि मंदिरों में विशेषज्ञों के माध्यम से भीड़ प्रबंधन का सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलायुक्तों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

मुख्य सचिव ने कहा कि पर्व व त्योहारों पर प्रमुख मंदिरों में अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ की आशंका बनी रहती है। ऐसे में धार्मिक स्थलों में अंशकालिक और दीर्घकालिक प्रबंधन योजनाएं बनाई जाएंगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि तंग रास्तों को चौड़ा किया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए तकनीक का उपयोग किया जाए। साथ ही प्रत्येक धार्मिक स्थल के लिए रूट और सर्कुलेशन प्लान तैयार कर श्रद्धालुओं की संख्या का तकनीकी आंकलन किया जाए।

विशेषज्ञों की टीम भीड़ प्रबंधन, निकासी योजना और बॉटल नेक क्षेत्रों का सिविल इंजीनियरिंग और तकनीकी विश्लेषण कर कार्ययोजना और एसओपी तैयार करेगी। बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, धीराज सिंह गर्ब्याल और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप भी उपस्थित रहे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *