उत्तराखंड । उत्तराखंड पंचायत चुनाव में चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक के मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट से 21 वर्षीय प्रियंका नेगी ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। उन्हें 421 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को 235 मत प्राप्त हुए। प्रियंका ने राजनीति शास्त्र में स्नातक की पढ़ाई हाल ही में पूरी की है।
जीत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रियंका को फोन कर बधाई दी और गांव के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने प्रियंका को देहरादून भी आमंत्रित किया और उन्हें गांव की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी 2014 से 2019 तक ग्राम प्रधान रह चुके हैं। अब उनकी बेटी गांव की कमान संभालेंगी। मुख्यमंत्री द्वारा सारकोट को आदर्श गांव घोषित किया गया है, जहां पलायन नहीं होने के चलते कई विकास कार्य पहले से ही जारी हैं।