• Sat. Feb 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान लागू, कल शाम से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद

ByParyavaran Vichar

Nov 4, 2025

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत यातायात प्लान जारी किया है। मंगलवार की शाम छह बजे से लेकर पांच नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती शहर के प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर कर दी गई है। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, देहरादून और नजीबाबाद रूट से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार आएंगे। इन वाहनों की पार्किंग अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में की जाएगी। यदि ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है तो इन्हें नगलाइमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और शनिचौक होते हुए मात्रसदन पुलिया तक डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में रोका जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी मार्ग से हरिद्वार आएंगे, जबकि बड़े वाहनों को श्यामपुर से डायवर्ट कर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

निजी बसों और ऑटो के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाली निजी बसें नारसन, मंगलौर, लक्सर और सुल्तानपुर होकर बैरागी कैंप पार्किंग में रुकेंगी। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले विक्रम व ऑटो-रिक्शा को जयाराम मोड़ तक ही आने की अनुमति होगी। बीएचईएल, ज्वालापुर और कनखल मार्गों पर चलने वाले ऑटो के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू रहेगा। ललतारा पुल से शिवमूर्ति चौक तक सभी प्रकार के वाहनों और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बरती जाएगी। ऐसे वाहन नारसन, मंडावर, चिड़ियापुर बॉर्डर, सिडकुल और अब्दुल कलाम चौक पर रोके जाएंगे। देहरादून की ओर से आने वाले ट्रक नेपाली फार्म या रायवाला में ही रोक दिए जाएंगे। यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए शहर में प्रवेश करता है, तो उसे सीधे चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *