• Wed. Feb 4th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

रसायनों की खरीद पर जांच, पुलिस की टीमें सक्रिय

ByParyavaran Vichar

Nov 12, 2025

देहरादून। दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है और राज्यभर में रासायनिक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी गतिविधियों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली विस्फोट में संवेदनशील रसायनों के इस्तेमाल की आशंका के चलते दून और ऋषिकेश क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। मंगलवार को पुलिस ने अचानक छापेमारी करते हुए कई रासायनिक दुकानों और गोदामों की जांच की। इन स्थानों पर रखे रसायनों के स्टॉक, बिल और बिक्री के रिकॉर्ड को बारीकी से खंगाला गया। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से सोडियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर जैसे रसायनों की उपलब्धता और खरीददारों की जानकारी जुटाई। कोतवाली नगर क्षेत्र की चार दुकानों और ऋषिकेश क्षेत्र की एक दुकान को विशेष रूप से चेक किया गया। स्टॉक की मात्रा और बिक्री रजिस्टर के मिलान के साथ पुलिस ने हाल के महीनों में इन दुकानों से रसायन खरीदने वाले सभी ग्राहकों की सूची तैयार की है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने इन दुकानों से संवेदनशील केमिकल खरीदे हैं, उनकी जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी रासायन विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र और बिल के कोई भी रसायन न बेचा जाए। इस कार्रवाई का उद्देश्य ऐसे रसायनों के गलत इस्तेमाल को रोकना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है। दून पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पिकेट जांच भी बढ़ा दी है और हर संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सतर्कता के इस अभियान का मकसद न केवल धमाके से जुड़े संभावित लिंक का पता लगाना है, बल्कि भविष्य में ऐसे किसी भी हादसे को रोकना भी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *