• Sun. Mar 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

कांग्रेस ने फूंका 2027 चुनाव का बिगुल

ByParyavaran Vichar

Nov 17, 2025

देहरादून।कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के पदभार ग्रहण समारोह ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावी माहौल की औपचारिक शुरुआत कर दी। समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उत्साह ने पार्टी के बड़े नेताओं में नया जोश भर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठनात्मक एकजुटता, चुनावी रणनीति और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सशक्त संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया।

पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का संबोधन सबसे अधिक चर्चित रहा। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पौराणिक प्रतीकों से जोड़कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का प्रयास किया। उन्होंने प्रीतम सिंह को ‘अर्जुन’ और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को ‘भीम’ बताते हुए कहा कि जब ये दोनों नेता संगठन के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे, तभी 2027 में भाजपा को परास्त किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर कार्यकर्ता को अपनी-अपनी सीट जीतने पर केंद्रित रहना होगा, न कि केवल पार्टी की समग्र जीत पर निर्भर होना चाहिए।

हरीश रावत ने कहा कि आज संविधान, गांधी-नेहरू-अंबेडकर विचारधारा और सामाजिक न्याय के सिद्धांत खतरे में हैं। ऐसे समय में कांग्रेस नेताओं के पास पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियों और भाजपा सरकार की नीतिगत गलतियों को जनमानस तक ले जाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान राज्य में सबसे अधिक नौकरियां लगीं और पेंशन योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में किसी प्रकार का विवाद नहीं है। गुटबाजी की बातें केवल उत्साहित निचले स्तर के लोगों द्वारा फैलाई अफवाहें हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे तत्वों की पहचान कर संगठनात्मक अनुशासन मजबूत किया जाना चाहिए।

समारोह में हालांकि कुछ अव्यवस्थाएँ भी देखने को मिलीं। कई वरिष्ठ नेताओं को मंच पर स्थान नहीं दिया गया, जिसके चलते आयोजकों और सेवादल कार्यकर्ताओं को भीड़ नियंत्रित करने में परेशानी हुई। इसके अलावा खराब साउंड सिस्टम ने नेताओं के भाषणों में काफी बाधा डाली, जिसके कारण उपस्थित लोगों को वक्ताओं की बातें स्पष्ट रूप से सुनने में कठिनाई आई।

फिर भी, कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऊर्जा से भर दिया। नेताओं ने इसे पार्टी की भविष्य की ताकत बताते हुए कहा कि यही जोश 2027 के चुनाव में विजय का आधार बनेगा।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करन माहरा, हरक सिंह रावत और यशपाल आर्य को ‘पंचमुखी रुद्राक्ष’ बताया और कहा कि यही पांच नेता मिलकर कांग्रेस की ताकत को कई गुना बढ़ा सकते हैं तथा पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की गलतियों को जनता तक मजबूती से रख सकते हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *