• Tue. Feb 3rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

दिनदहाड़े निर्मम हत्या से दहला देहरादून: समय रहते पुलिस सुन लेती शिकायत तो बच सकती थी गुंजन की जान

ByParyavaran Vichar

Feb 3, 2026

देहरादून।  देहरादून  के दूल्हा बाजार क्षेत्र में सोमवार को हुई गुंजन की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सरेआम हुई इस वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों बाद इस क्षेत्र में इस तरह की खौफनाक घटना सामने आई है।

परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करती, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। गुंजन की जान को खतरा बताते हुए परिजनों ने घटना से तीन दिन पहले ही खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

परिजनों के अनुसार, करीब आठ महीने पहले भी गुंजन और आरोपी आकाश के बीच विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद भी विवाद कई बार पुलिस तक पहुंचा, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंततः यह सिलसिला गुंजन की हत्या पर जाकर खत्म हो गया।

गुंजन और आरोपी आकाश एक-दूसरे को करीब तीन वर्षों से जानते थे। गुंजन दूल्हा बाजार में एक कपड़ों की दुकान में काम करती थी, जबकि आरोपी उसी बाजार की एक अन्य दुकान में कार्यरत था। दोनों की दोस्ती की जानकारी मिलने पर परिजनों ने गुंजन का फोन ले लिया, जिसके बाद बातचीत बंद हो गई। इसी दौरान आरोपी उसे लगातार परेशान करने लगा।

परिजनों ने बताया कि आरोपी शादीशुदा था और गुंजन का पीछा करता था। इस संबंध में कई बार पुलिस में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तीन दिन पहले आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति से गुंजन को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद फिर से शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस आरोपी से संपर्क तक नहीं कर सकी।

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना के दौरान गुंजन करीब दस मिनट तक अपनी जान बचाने के लिए चीखती रही, लेकिन किसी ने आगे बढ़कर उसे बचाने की कोशिश नहीं की। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी स्कूटर से मौके पर आया, पहले बातचीत की और फिर अचानक चापड़ से हमला कर फरार हो गया। गली में फैला खून इस हत्या की भयावहता को बयां कर रहा था।

मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न नेगी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

घटना के बाद इलाके के बाजार बंद रहे और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस प्रशासन ने सभी थानों को सतर्क रहने और इस प्रकार की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *