• Wed. Feb 11th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

सीएम योगी का पंचूर में भव्य स्वागत, बच्चों को दुलारते दिखे; बोले—हम भी तेरे दादा लगते हैं

ByParyavaran Vichar

Feb 9, 2026

यमकेश्वर (ऋषिकेश)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उनसे मिलने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सुबह से ही ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से प्रशंसक, नाते-रिश्तेदार, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उनके आवास पर पहुंचते रहे। कई लोग अपने परिचितों को भी सीएम योगी से मिलवाने के लिए गांव लाए थे।

गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी बच्चों से खास आत्मीयता के साथ मिले। रास्ते में एक छोटे बच्चे ने फूल भेंट किए और पैर छुए, जिस पर सीएम योगी ने उसे चॉकलेट की पोटली दी। जब बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा तो सीएम मुस्कराते हुए बोले, “हम भी तेरे दादा लगते हैं।” यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक और यादगार बन गया।

इस दौरान एक नवविवाहित जोड़ा—शिवानी बडोला और योगेश सेमवाल—भी सीएम योगी से मिलने पहुंचा। मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। वहीं, कुछ ग्रामीण युवतियां अपनी शादी के कार्ड लेकर मुख्यमंत्री को निमंत्रण देने आईं, जिसे योगी आदित्यनाथ ने सहर्ष स्वीकार किया और उनके साथ तस्वीरें भी लीं।

ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान सीएम योगी ने कई पुराने परिचितों को नाम और परिवार के जरिए पहचान कर हालचाल भी पूछा। कांडी निवासी जयवीर नेगी ने बताया कि पिता और चाचा का नाम सुनते ही मुख्यमंत्री ने उन्हें पहचान लिया और परिवार के बारे में जानकारी ली।

दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नव निर्मित दोमंजिला कक्षा कक्ष भवन का लोकार्पण किया और पंचूर गांव में निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण भी किया। शनिवार सुबह गांव भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। शाम को माता से मुलाकात के बाद बहनों और ग्रामीणों का अभिवादन कर वे विदा हुए।

दोपहर सवा तीन बजे मुख्यमंत्री गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय पहुंचे, जहां प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार ने उनका स्वागत किया। उन्होंने महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और महाविद्यालय परिसर में आम का पौधा रोपा। सीएम योगी ने पर्यावरण के अनुकूल फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए और नव निर्मित विज्ञान व कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट को खेल मैदान को मिनी स्टेडियम में विकसित करने के निर्देश भी दिए।

करीब साढ़े तीन बजे मुख्यमंत्री बिथ्याणी महाविद्यालय स्थित हेलीपैड से हेलिकॉप्टर द्वारा जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *