• Mon. Feb 16th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्य आरोपी पर रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी, पांच के खिलाफ चार्जशीट

ByParyavaran Vichar

Feb 16, 2026

देहरादून, 16 फरवरी 2026।
देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में हुए एंजेल चकमा हत्याकांड में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी की जा रही है।

नौ दिसंबर को हुआ था विवाद

9 दिसंबर 2025 को सेलाकुई स्थित एक शराब की दुकान के बाहर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके भाई माइकल ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने गंभीर चोटों की पुष्टि की, जिसके बाद 14 दिसंबर को पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया।

इलाज के दौरान 26 दिसंबर को एंजेल की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में छह लोगों की संलिप्तता सामने आई।

पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य हमलावर फरार

पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य हमलावर यज्ञ राज अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, यज्ञ राज मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और उसके नेपाल भागने की सूचना मिली थी। हत्याकांड के बाद सीमा क्षेत्रों में कई दबिशें दी गईं, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।

ब्लू कॉर्नर नोटिस के बाद अब रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी

मामले की जांच के दौरान पहले ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर आरोपी की गतिविधियों और ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस का दावा है कि वह आरोपी के काफी करीब पहुंच चुकी है। अब उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक, विकासनगर पंकज गैरोला ने बताया कि 9 फरवरी को पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *