• Fri. Feb 20th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

भटवाड़ी में निर्माण विस्फोट से पांच भवनों में दरारें, लोगों में दहशत

ByParyavaran Vichar

Feb 20, 2026

उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड मुख्यालय के ढुमक नामे तोक में तहसील भवन निर्माण के दौरान किए जा रहे विस्फोटों से करीब पांच मकानों में दरारें आ गई हैं। इससे स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि तहसील भवन के निर्माण के लिए चट्टानों को तोड़ने हेतु रात के समय विस्फोट किए जा रहे हैं। इन विस्फोटों के कंपन से आसपास बने मकानों और उनकी सुरक्षा दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और ठेकेदार को इस बारे में अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय निवासी अभिषेक रमोला, सुनील नौटियाल, सूरज नौटियाल, जगन्नाथ प्रसाद और अंकित सेमवाल ने बताया कि वर्ष 2010, 2012 और 2013 की आपदाओं में उनके घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद शासन-प्रशासन द्वारा पुनर्वास योजना के तहत भटवाड़ी के ढुमक क्षेत्र में भूमि आवंटित की गई थी। लंबे संघर्ष के बाद उन्होंने वहां अपने नए मकान बनाए, लेकिन अब चल रहे निर्माण कार्य से उनके घरों की सुरक्षा पर फिर से खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि भवन निर्माण कार्य नियमानुसार और सुरक्षित तरीके से कराया जाए। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता स्वराज चौहान ने कहा कि ठेकेदार को विस्फोट करने की अनुमति नहीं है और उसे चेतावनी दी गई है। भविष्य में किसी भी प्रकार के नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *