• Thu. Feb 26th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बोर्ड परीक्षा में पकड़े गए चार मुन्ना भाई और चार मुन्नी बहन, एक गलती से खुली पोल

ByParyavaran Vichar

Feb 25, 2026

हरिद्वार बोर्ड परीक्षा के दौरान आठ फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ लिया गया। इनमें चार लड़के और चार लड़कियां शामिल हैं, जो असली छात्र-छात्राओं की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। कक्ष निरीक्षकों की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मंगलवार को हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा थी। सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में बनाया गया था। परीक्षा के दौरान निरीक्षण करते समय अलग-अलग कक्षों में आठ परीक्षार्थी संदिग्ध लगे।

जब कक्ष निरीक्षकों ने उनके प्रवेश पत्र और चेहरे का मिलान किया तो शक गहरा गया। पूछताछ में बच्चे घबराने लगे, जिससे संदेह यकीन में बदल गया। सख्ती से पूछने पर खुलासा हुआ कि वे पंजीकृत छात्र-छात्राएं नहीं हैं, बल्कि उनकी जगह परीक्षा देने आए थे। प्रवेश पत्रों पर फोटो बदलकर परीक्षा में शामिल होने की कोशिश की गई थी।

केंद्र व्यवस्थापक सुरेशचंद्र द्विवेदी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

प्रधानाचार्य की भूमिका पर उठे सवाल

घटना के बाद संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि प्रवेश पत्रों पर फोटो बदलने में कॉलेज स्तर पर मिलीभगत हो सकती है, ताकि पंजीकृत छात्रों की जगह दूसरे बच्चों से परीक्षा दिलाकर उन्हें पास कराया जा सके। पुलिस को दिए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *