• Thu. Feb 26th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

होली से पहले अल्मोड़ा में अतिक्रमण पर सख्ती, 20 दुकानदारों के काटे चालान

ByParyavaran Vichar

Feb 25, 2026

अल्मोड़ा होली पर्व से पहले शहर के बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 20 दुकानदारों के चालान काटे गए और उन्हें भविष्य में अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

मंगलवार को नगर निगम की टीम ने मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। तहबाजारी नियमों के अनुसार संकरे रास्तों को छोड़कर अन्य स्थानों पर दुकानदार अपनी पक्की दुकान से आगे पटरी पर दो फीट से अधिक स्थान पर सामान नहीं रख सकते। इसके बावजूद लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार और थाना बाजार समेत कई क्षेत्रों में दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रखने से रास्ते संकरे हो रहे थे, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही थी।

नगर निगम की बैठक में भी नागरिकों ने बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया। दुकानों के आगे दो फीट से अधिक दूरी तक रखे सामान को हटवाया गया और मौके पर ही नकद जुर्माना वसूला गया। दुकानों के बाहर निशान लगाकर व्यापारियों को निर्धारित सीमा से आगे सामान न लगाने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान अतिक्रमण और गंदगी फैलाने पर 20 व्यापारियों के चालान काटे गए। नगर निगम की टीम पहुंचते ही बाजार में हड़कंप मच गया और कई व्यापारियों ने तत्काल दुकान के बाहर रखा सामान समेट लिया।

नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने कहा कि फिलहाल पहले चरण में चेतावनी और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। यदि इसके बाद भी अतिक्रमण जारी रहा तो दूसरे चरण में जबरन अतिक्रमण हटाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *