देहरादून: उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। आमतौर पर इस समय हल्की ठंड या सुहावना मौसम रहता है, लेकिन इस बार दूसरे ही हफ्ते में तापमान ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं।
बीते कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ों में कोहरा रहने के कारण बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बारिश न होने के कारण तापमान लगातार बढ़ता गया और गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक 34.1°C दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा 16.9°C रहा। इसी तरह पहाड़ी क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.1°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5°C रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 मार्च को भी पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिसके कारण दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। हालांकि अनुमान है कि 17 मार्च तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
बदरीनाथ की चोटियों पर हुई बर्फबारी
गर्मी बढ़ने के बीच बदरीनाथ धाम की ऊंची पहाड़ियों पर गुरुवार को अच्छी बर्फबारी हुई। इससे दो दिन पहले भी यहां बर्फ गिरी थी। सुबह से मौसम बदला हुआ था, हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई। बर्फबारी के कारण बदरीनाथ की चोटियां सफेद चादर से ढक गई हैं और वहां ठंड भी काफी बढ़ गई है।
