• Fri. Mar 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

रसोई तक पहुंची युद्ध की आंच: देहरादून में गैस बुकिंग ठप, सिलेंडर के लिए गोदामों पर लंबी कतारें

ByParyavaran Vichar

Mar 13, 2026

देहरादून: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब देहरादून की रसोई तक पहुंचने लगा है। शहर में एलपीजी गैस की किल्लत बढ़ती दिखाई दे रही है। हालात ऐसे हैं कि गैस सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। कई लोग पूरे दिन मोबाइल से गैस बुकिंग करने की कोशिश करते रहे, लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी।

बुधवार को शहर के कई गैस गोदामों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह आठ बजे से दोपहर तक लंबी कतार लगी रही। यहां करीब 320 उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर मिल सके, जबकि 60 से अधिक लोगों को बिना गैस के वापस लौटना पड़ा क्योंकि सिलेंडर खत्म हो गए थे। इसी तरह की स्थिति अन्य कई गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिली।

पिछले कुछ दिनों से ऑनलाइन और फोन के माध्यम से गैस बुकिंग में लगातार दिक्कत रही है। लोग बुकिंग नंबर पर कॉल कर रहे हैं, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रही। इससे उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है और वे सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर गैस लेने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब बुकिंग ही नहीं हो रही तो सिलेंडर मिलने की उम्मीद भी कम हो जाती है।

इस गैस संकट का असर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पड़ रहा है। जिले में लगभग 19 हजार से अधिक वाणिज्यिक गैस कनेक्शन हैं और हर महीने करीब 40 हजार से ज्यादा सिलेंडरों की खपत होती है। लेकिन गैस की आपूर्ति होने के कारण कई छोटे व्यवसायों के सामने काम बंद होने की स्थिति बनती जा रही है।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि गैस की आपूर्ति लगातार की जा रही है और घबराने की जरूरत नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को गैस बुक कर धैर्य रखना चाहिए, एजेंसियां घर पर ही सिलेंडर की डिलीवरी करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *