उत्तराखंड । अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और “जय मां गंगा-यमुना” के जयकारों के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
गंगोत्री धाम में कपाट खुलने के अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। “हर-हर गंगे” के उद्घोष से पूरा धाम गूंज उठा। निर्धारित मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा भी की गई, जिससे माहौल और अधिक भव्य हो गया।
इससे पहले मां गंगा की उत्सव डोली तड़के भैरव घाटी से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। वहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद डोली धाम पहुंची।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और विश्व शांति की कामना की। वहीं, यमुनोत्री धाम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम से पूजा संपन्न कराई।
अक्षय तृतीया के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण और देवडोलियां धाम पहुंचे। गंगा स्नान के साथ श्रद्धालुओं ने पुण्य अर्जित किया। साथ ही सेना और विभिन्न संगठनों द्वारा यात्रियों के लिए भंडारे और मेडिकल कैंप भी लगाए गए, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाई जा सके।
