देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को एसी में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। हादसे में आईसीयू में भर्ती बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद पूरे अस्पताल में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। अस्पताल कर्मचारियों, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया।
बताया गया कि आईसीयू में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग फैली और धुआं पूरे वार्ड में भर गया। बचाव अभियान के दौरान कुछ मरीजों और पुलिसकर्मियों को ऑक्सीजन की कमी होने लगी, जिसके बाद उन्हें नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में करीब दस लोग घायल हुए हैं। राहत कार्य में लगे तीन पुलिसकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई। सूचना मिलते ही प्रमोद डोबाल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रशासन के अनुसार सभी घायलों और अन्य मरीजों का इलाज जारी है तथा उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
