• Thu. Jun 11th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

रोडवेज बस का क्लच फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

ByParyavaran Vichar

Jun 11, 2026

अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस में बुधवार सुबह तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मासी से अल्मोड़ा आ रही बस का क्लच अचानक खराब हो गया, जिससे बस में सवार 18 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि चालक की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस (यूके 07 पीए 2477) सुबह छह बजे मासी से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुई थी। द्वाराहाट नगर पंचायत पार्किंग के पास पहुंचते ही बस के क्लच में खराबी आ गई। तकनीकी समस्या के कारण बस का नियंत्रण प्रभावित होने लगा, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए बस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

बस में सवार 18 यात्रियों को बाद में अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इनमें से दस यात्री अल्मोड़ा शहर जाने वाले थे। बीच रास्ते में बस खराब होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

खस्ताहाल बसों से बढ़ रही परेशानी

उत्तराखंड परिवहन निगम की पुरानी और जर्जर बसें लगातार तकनीकी खराबियों का शिकार हो रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों के कठिन और घुमावदार मार्गों पर चलने वाली कई बसें बीच सफर में खराब हो जाती हैं। कभी इंजन की फैन बेल्ट टूट जाती है तो कभी क्लच या प्रेशर पाइप जवाब दे देते हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

पिछले कुछ समय में भी कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें रोडवेज बसें बीच रास्ते में खराब हुईं। इससे निगम की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

निगम का पक्ष

रोडवेज डिपो अल्मोड़ा के एजीएम धर्मानंद जोशी ने बताया कि चालक से बस के क्लच में खराबी की सूचना मिलते ही रानीखेत डिपो से तकनीकी कर्मचारियों की टीम मौके पर भेजी गई। बस की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर रोडवेज बसों की तकनीकी स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *