नरेंद्रनगर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी नरेंद्रनगर ने गुरुवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य मार्गों पर जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसके चलते पुतला दहन नहीं हो सका।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य ने आरोप लगाया कि देश का युवा बेरोजगारी, पेपर लीक और अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन अपनी आवाज उठाने पर उसके साथ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र सिंह गुसाईं, जितेंद्र चांदपुरी, सूरत सिंह नेगी, जयपाल नेगी, मनवीर सिंह नेगी, मानवेन्द्र रांगड़, श्याम लाल सैलानी, दिनेश कुमार, अरविंद रावत, रविंद्र नेगी, आयुष बेलवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
