• Fri. Aug 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

चारधाम यात्रा: एलईडी स्क्रीन पर मिलेगी मौसम और मार्ग बंद होने की रियल टाइम जानकारी

ByParyavaran Vichar

Aug 6, 2026

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर भद्रकाली और मलेथा (श्रीनगर) में अत्याधुनिक एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीन पर श्रद्धालुओं को मौसम, सड़क बंद होने, वैकल्पिक मार्ग, यातायात की स्थिति और प्रशासन की ओर से जारी महत्वपूर्ण सूचनाएं रियल टाइम में उपलब्ध होंगी।

करीब 68 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का कार्य लोक निर्माण विभाग (विद्युत यांत्रिकी खंड), ऋषिकेश को सौंपा गया है। विभाग के अनुसार 16×10 फीट आकार की एलईडी स्क्रीन लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चयनित फर्म के साथ अनुबंध भी हो गया है। निर्माण सामग्री एक-दो दिन में कार्यस्थल पर पहुंचनी शुरू हो जाएगी और इस माह के अंत तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

बरसात के मौसम में भूस्खलन, चट्टान गिरने और खराब मौसम के कारण चारधाम यात्रा मार्ग पर अक्सर यातायात बाधित होता है। ऐसे में कई श्रद्धालु बिना जानकारी के आगे बढ़ जाते हैं और लंबे समय तक जाम या बंद मार्ग में फंस जाते हैं। नई एलईडी स्क्रीन पर मौसम संबंधी चेतावनी, मार्ग बंद होने की सूचना, ट्रैफिक अपडेट और प्रशासन के दिशा-निर्देश तुरंत प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को समय रहते सही जानकारी मिल सकेगी।

अधिकारियों का मानना है कि यह आधुनिक सूचना प्रणाली चारधाम यात्रा के दौरान अनावश्यक भीड़, जाम और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों को कम करने में मददगार साबित होगी। साथ ही आपदा या खराब मौसम की स्थिति में प्रशासन की सलाह सीधे श्रद्धालुओं तक पहुंच सकेगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज नयाल ने बताया कि भद्रकाली और मलेथा में एलईडी स्क्रीन लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इस माह के अंत तक इन्हें स्थापित कर दिया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *