• Wed. Aug 12th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड लौटना चाहते हैं ऋषभ पंत, बोले- जमीन नहीं मिल रही; सीएम धामी ने दिया मदद का भरोसा

ByParyavaran Vichar

Aug 10, 2026

देहरादून/रुड़की। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और उत्तराखंड के ऋषभ पंत ने अपने गृह राज्य लौटकर बसने की इच्छा जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोशल मीडिया के जरिए जमीन खरीदने में मदद की अपील की। पंत की पोस्ट सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।

ऋषभ पंत ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार दो पोस्ट कीं। पहली पोस्ट में उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वह दिल्ली से अपना ठिकाना बदलकर उत्तराखंड वापस आना चाहते हैं। इसके लिए वह जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन उन्हें रहने के लिए अपनी जरूरत के मुताबिक उपयुक्त और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है।

पंत ने लिखा कि वह उत्तराखंड से बेहद प्रेम करते हैं और अपनी मातृभूमि में वापस आकर यहां के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से भूमि संबंधी प्रक्रिया में मदद करने का अनुरोध करते हुए कहा कि स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण यह प्रक्रिया उनके लिए मुश्किल बनी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के प्रचार-प्रसार के दौरान उन्हें जिस जमीन के मिलने की बात कही गई थी, वह मामला भी अब तक लंबित है।

क्रिकेटर ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें अपने मूल स्थान पर लौटकर पहाड़ी लोगों के बीच रहना है। उन्होंने बताया कि जमीन हासिल करने की कोशिश करते हुए करीब तीन साल बीत चुके हैं और अब वह इस मामले में समाधान चाहते हैं।

सरकारी दर पर जमीन खरीदने की जताई इच्छा

अपनी दूसरी पोस्ट में पंत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए यदि उन्हें कोई सम्मान या उपहार दिया जाता है तो यह उनके लिए खुशी की बात होगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अनुमति मिले तो वह जमीन सरकारी दरों पर खरीदना पसंद करेंगे। उनका कहना था कि इससे वह अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकेंगे।

सीएम धामी ने दिया जल्द मदद का भरोसा

ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति उनका प्रेम और उत्तराखंड लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की इच्छा सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत की ओर से उठाए गए भूमि संबंधी विषय को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे और नियमानुसार हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

रुड़की से जुड़ी हैं पंत की यादें

ऋषभ पंत का उत्तराखंड से पुराना और गहरा संबंध रहा है। उनका परिवार हरिद्वार जिले के रुड़की के पास ढंडेरा क्षेत्र में लंबे समय तक रहा है। पंत ने अपने शुरुआती वर्ष रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बिताए, जहां क्रिकेट के प्रति उनका जुनून और मजबूत हुआ।

क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए वह बाद में दिल्ली चले गए और बेहतर प्रशिक्षण के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2022 में रुड़की के पास हुई सड़क दुर्घटना के बाद जिस तरह उन्होंने क्रिकेट में वापसी की, उसे खेल जगत में उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष की मिसाल माना जाता है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *