• Tue. Aug 11th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

तीलू रौतेली जयंती पर 14 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, सीएम धामी ने बढ़ाई पुरस्कार राशि

ByParyavaran Vichar

Aug 10, 2026

देहरादून। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। मुख्य सेवक सदन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने की घोषणा भी की। तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये कर दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरस्कार राशि में वृद्धि प्रदेश की महिलाओं के सेवा, समर्पण और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा और योगदान को पहचान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश की हर बहन और बेटी आत्मनिर्भर नहीं हो जाती, सरकार अपने प्रयास जारी रखेगी।

रेखा आर्या ने कहा- विपरीत परिस्थितियों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं का सम्मान

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली जयंती पर दिया जाने वाला यह सम्मान उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को पहचान देने का माध्यम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और प्रतिभा के दम पर अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, कला, क्राफ्ट, समाजसेवा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं उत्तराखंड का गौरव हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किए। सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

इन्हें मिला तीलू रौतेली पुरस्कार

अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल, बागेश्वर की दया दानू, चमोली की नंदा सती, चंपावत की रितीका बगौली, देहरादून की नीतू रानी, हरिद्वार की वैशाली शर्मा, नैनीताल की लतिका, पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पंत थपलियाल, पिथौरागढ़ की कलावती देवी और निशा पुनेठा, रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी, टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल, ऊधम सिंह नगर की पुष्पा देवी और उत्तरकाशी की स्वतंत्री बधानी को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी सम्मानित

राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार पाने वालों में अल्मोड़ा से सुनीता टम्टा, हेमा मेर, बबीता अधिकारी और सीमा देवी; बागेश्वर से आनंदी देवी; चमोली से शकुंतला बिष्ट, गीता चंद्रा और रत्ना बिष्ट; चंपावत से तुलसी देवी; देहरादून से रश्मि पंत, पूनम शाही और लक्ष्मी पंत; हरिद्वार से अनिता बर्मन, स्नेहलता, उमा रानी और फरहाना परवीन; नैनीताल से लीला, हंसा देवी और निर्मला टम्टा; पौड़ी गढ़वाल से संगीता देवी, माधुरी देवी, दर्शनी देवी, रेनू देवी और तुलसी; पिथौरागढ़ से सुनीता बेसड़ा और गंगा कार्की; रुद्रप्रयाग से सरस्वती देवी; टिहरी से सुषमा देवी, रोशनी देवी और पूनम देवी; ऊधम सिंह नगर से गुरप्रीत कौर, राधा बिष्ट और शकुंतला पाल तथा उत्तरकाशी से रेखा और रेखा जोशी शामिल हैं।

समारोह में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ समेत विभागीय अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *