• Tue. Sep 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

हरिद्वार में अवैध संबंध के विवाद में युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार

ByParyavaran Vichar

Sep 22, 2026

हरिद्वार में अवैध संबंध को लेकर बढ़े विवाद के बीच बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला का आरोप था कि गोपाल उस पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ जाने का दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में जानकारी भेजकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया।

20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल कुमार निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर के रूप में की। इसके बाद मृतक के बेटे आशु कुमार की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस व सीआईयू की टीमों को जांच में लगाया गया।

इलाज के दौरान हुई थी महिला से पहचान

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि इसी साल आरोपी महिला के पति का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल की महिला से जान-पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बन गए। गोपाल महिला की आर्थिक मदद भी करता था।

पुलिस का दावा है कि बाद में गोपाल महिला पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। रक्षाबंधन के दौरान महिला के बिजनौर पहुंचने पर उसके पति ने दोनों को कथित तौर पर साथ देख लिया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान गोपाल और महिला के पति के बीच मारपीट भी हुई थी।

हरिद्वार बुलाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, महिला ने लगातार मिल रही धमकियों और दबाव की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद पति, महिला, उसके भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर गोपाल की हत्या की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। उसे दूधियाबंद के पास गंगा घाट की ओर ले जाया गया, जहां उसने शराब पी और खाना खाया। पुलिस के मुताबिक, जब गोपाल सो गया तो पहले से मौजूद आरोपियों ने चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद गोपाल का मोबाइल फोन और पर्स गंगा में फेंकने की बात भी पुलिस ने कही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद करने का दावा किया है।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए पुलिस ने सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *