• Sat. Oct 3rd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देह व्यापार का भंडाफोड़, नेपाल सीमा पर आग, भाजपा की बैठक और जगह-जगह जाम

ByParyavaran Vichar

Oct 3, 2026

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को कई अहम घटनाएं सामने आईं। देहरादून में पुलिस ने किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को रेस्क्यू किया। वहीं, नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग स्थित एसएसबी कैंप में आग लगने से एक बैरक जलकर खाक हो गई।

देहरादून में देह व्यापार का खुलासा

पटेलनगर के हरभजवाला क्षेत्र में किराये के मकान में कथित तौर पर देह व्यापार चल रहा था। पुलिस ने छापा मारकर तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में रैकेट का कथित सरगना भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी रेस्क्यू किया गया।

वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़, कई जगह जाम

बारिश थमने के बाद मौसम सुहाना होने से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसके चलते कैंची धाम, मसूरी और ऋषिकेश समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

यमुनोत्री में यात्रियों को लेकर विवाद

जानकीचट्टी में यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर कुली एजेंसी के मजदूरों के बीच खींचतान और धक्का-मुक्की हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हेमकुंड साहिब यात्रा अंतिम चरण में

हेमकुंड साहिब की यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 10 अक्तूबर को कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाने हैं। कपाट बंद होने से पहले धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है।

काशीपुर-रामनगर मार्ग पर सड़क हादसा

काशीपुर-रामनगर मार्ग पर देर रात स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दंपती घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

गर्ब्यांग एसएसबी कैंप में आग

नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग स्थित एसएसबी कैंप में बृहस्पतिवार रात आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुखारी फटने के बाद आग लगी, जिसने एक बैरक को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति या पशु की जनहानि नहीं हुई।

देहरादून में भाजपा की सांगठनिक बैठक

देहरादून में भाजपा की सांगठनिक बैठक आयोजित हुई। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी राम माधव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संगठन को चुनाव की तैयारियों और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि

देहरादून के शहीद स्थल कचहरी परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *