• Wed. Jul 30th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

साढ़े छह माह पहले विवाह: फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता जोड़े का शव

ByParyavaran Vichar

Nov 13, 2024

रानीखेत। रानीखेत के ताड़ीखेत ब्लॉक के खुशालकोट गांव में नवविवाहित दंपत्ति संदिग्ध हालात में फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों के शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल सकेगा। मंगलवार दोपहर खुशालकोट निवासी देवकी देवी घर लौटीं और उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद पाया। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए।

बेटा कमल सिंह नेगी (31) और उसकी पत्नी सरिता नेगी (24) फंदे पर लटके थे। देवकी के शोर मचाने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी राजस्व उप निरीक्षक कुबेर सिंह मेहरा को दी। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेजा। राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहां पर नायब तहसीलदार प्रियंका, राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन लाल, कुबेर सिंह मेहरा, कुंदन कनवाल, प्रदीप बिजल्वाण, कुमार सोनू, राजेन्द्र जोशी आदि मौजूद रहे।

नैनीताल जिले के सिमलखा की सरिता जलाल का विवाह अल्मोड़ा के ताड़ीखेत ब्लॉक के खुशालकोट निवासी कमल सिंह नेगी से 29 अप्रैल 2024 को हुआ था। सात जन्मों का साथ महज साढ़े छह महीनों में ही छूट गया। दिवाली पर कमल सिंह लुधियाना से घर लौटा था। वह एक होटल में नौकरी करता था, जबकि सरिता गृहिणी थी। जवान बेटे और बहू की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। देवकी देवी बेटे और बहू को बार-बार पुकार कर बेहोश हो जा रही है।


नवविवाहित जोड़े के संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी। किन परिस्थितियों में ऐसा हुआ है इसकी जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया है।

– प्रियंका घनसेला, नायब तहसीलदार रानीखेत

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *