• Tue. Nov 24th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मूल विभाग में वापसी की मांग पर लामबंद हुए लेखा कार्मिक

ByParyavaran Vichar

Nov 24, 2026

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी विभागों में तैनात लेखा कार्मिक अपनी लंबित समस्याओं और कथित उपेक्षा को लेकर लामबंद हो गए हैं। निदेशालय विभागीय लेखा की कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों में तैनात वित्त अधिकारियों के रवैये से नाराज उत्तराखंड राजकीय विभाग लेखा संवर्ग संघ ने अब अपनी मांगें सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखने का निर्णय लिया है। संघ का कहना है कि एकीकरण के बाद से कार्मिकों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं और उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

संघ के प्रांतीय सचिव शिवम ओबराय, उपाध्यक्ष मुकेश बिष्ट, आशीष परमार और प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास यादव की ओर से जारी संयुक्त बयान में बताया गया कि लगभग दो वर्ष पहले प्रदेश के विभिन्न विभागों में तैनात सहायक लेखाकारों और लेखाकारों का एकीकरण कर उन्हें निदेशालय विभागीय लेखा के अधीन किया गया था। उस समय इस व्यवस्था से कार्मिकों के हितों को बेहतर बनाने और लेखा संवर्ग की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने की उम्मीद जताई गई थी।

हालांकि, संघ के पदाधिकारियों का आरोप है कि एकीकरण के बाद से कर्मचारियों के हित में कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। उनके अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में एकीकरण का उद्देश्य स्थानांतरण और पदोन्नति से जुड़े नियंत्रण तक सीमित दिखाई दे रहा है। संघ ने मांग की है कि कार्मिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें उनके मूल विभागों में वापस भेजने के विषय पर भी विचार किया जाए।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

लेखा संवर्ग की प्रमुख समस्याओं में वेतन विसंगति का मुद्दा भी शामिल है। संघ का कहना है कि समान अर्हता और समान पद पर कार्य करने वाले कार्मिकों को अलग-अलग वेतनमान दिए जा रहे हैं। इस विसंगति को दूर करने और वेतनमान के उच्चीकरण के लिए अब तक अपेक्षित पहल नहीं हुई है। पदाधिकारियों ने कहा कि अन्य संवर्गों में अपने कर्मचारियों के हितों को लेकर अधिकारी प्रयास करते हैं, लेकिन लेखा एवं वित्त अधिकारियों की ओर से इस मामले में पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है।

संघ ने स्थायीकरण की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं पर भी नाराजगी जताई है। उसके अनुसार, निदेशालय विभागीय लेखा ने कार्मिकों के स्थायीकरण के लिए दो वर्षों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि यानी एसीआर मांगी है, लेकिन कई विभागों के वित्त अधिकारी इन्हें पूरा कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं। इससे स्थायीकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। संघ का आरोप है कि कुछ विभागों में निदेशालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, कई विभागों में लेखा संवर्ग के तकनीकी और मूल कार्य दूसरे संवर्गों के कर्मचारियों को सौंपे जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। संघ का कहना है कि इससे लेखा संवर्ग की भूमिका और गरिमा प्रभावित होती है तथा वित्तीय अनुशासन से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।

इन सभी मुद्दों को लेकर संघ अब मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखने की तैयारी कर रहा है। कार्मिकों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर उच्च स्तर से हस्तक्षेप होगा और एकीकरण के बाद उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल संघ ने अपनी नाराजगी सार्वजनिक करते हुए सरकार से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *