• Thu. Mar 26th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

चिपको आंदोलन की 52वीं वर्षगांठ: जंगल बचाने का अनूठा संघर्ष, जब महिलाओं ने पेड़ों से चिपककर लिखा इतिहास

ByParyavaran Vichar

Mar 26, 2026

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित रैणी गांव से शुरू हुआ चिपको आंदोलन आज भी पर्यावरण संरक्षण की सबसे प्रेरणादायक मिसालों में गिना जाता है। इस ऐतिहासिक आंदोलन की आज 52वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।

सत्तर के दशक में, जब देश में वन संरक्षण के लिए सख्त कानून नहीं थे और जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही थी, तब गांव की महिलाओं ने एक अनोखा तरीका अपनाया। गौरा देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने पेड़ों से चिपककर उन्हें कटने से बचाया। यही संघर्ष आगे चलकर “चिपको आंदोलन” के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

26 मार्च 1973 को ठेकेदारों के मजदूर करीब 2500 पेड़ों को काटने रैणी गांव पहुंचे थे। उस समय गांव के पुरुष मुआवजे के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। ऐसे में महिलाओं ने ही मोर्चा संभाला। जब मजदूरों ने उनकी बात अनसुनी कर पेड़ों की कटाई शुरू करनी चाही, तो महिलाएं पेड़ों से लिपट गईं और साफ कहा—“पेड़ों से पहले हमें काटना होगा।” इस साहसिक कदम के आगे ठेकेदारों को पीछे हटना पड़ा।

यह आंदोलन धीरे-धीरे जनांदोलन बन गया और देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर नई चेतना जागी। आज भी स्थानीय महिलाएं मानती हैं कि जंगल उनके जीवन और आजीविका का आधार हैं और उन्हें बचाना आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है।

वर्तमान में, सामाजिक संगठनों द्वारा गौरा देवी को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठ रही है। साथ ही, उनके सम्मान में रैणी गांव में बन रहा स्मारक भी पर्याप्त बजट के अभाव में अधूरा पड़ा है।

चिपको आंदोलन न सिर्फ उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए यह संदेश देता है कि प्रकृति की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास और दृढ़ संकल्प कितना महत्वपूर्ण होता है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *