• Mon. May 4th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

एआई चेतावनी प्रणाली से वन्यजीवों की निगरानी, हाथी-तेंदुए की गतिविधियों पर तुरंत अलर्ट

ByParyavaran Vichar

May 4, 2026

देहरादून/चमोली: उत्तराखंड के कालागढ़ टाइगर रिजर्व में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए एआई आधारित चेतावनी प्रणाली काफी मददगार साबित हो रही है। इस सिस्टम के जरिए जंगल से बाहर आने वाले खतरनाक वन्यजीवों की जानकारी तुरंत वन कर्मियों तक पहुंचाई जा रही है।

वन विभाग ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के अधीन इस प्रभाग में एक महीने पहले इस तकनीक को लागू किया था। इसके बाद से अब तक 10 से ज्यादा अलर्ट जारी हो चुके हैं, जिनमें हाथियों के झुंड और तेंदुए (गुलदार) की गतिविधियां शामिल हैं।

डीएफओ तरुण एस के अनुसार, इस प्रणाली में इंफ्रारेड कैमरे लगाए गए हैं, जो वन्यजीवों की तस्वीरें कैप्चर करते हैं। इसके बाद एआई तकनीक इन तस्वीरों का विश्लेषण कर केवल उन जानवरों की पहचान करती है, जो इंसानों के लिए खतरा बन सकते हैं—जैसे हाथी, बाघ, तेंदुआ और भालू। जैसे ही इनका मूवमेंट दर्ज होता है, तुरंत अलर्ट जारी कर दिया जाता है।

इस चेतावनी प्रणाली को सौर ऊर्जा से संचालित किया गया है, जिससे बिजली की समस्या नहीं होती। कैमरे करीब 50 मीटर तक की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर सकते हैं। फिलहाल पहले चरण में नौ स्थानों पर ये कैमरे लगाए गए हैं, जिनका चयन वन्यजीवों की आवाजाही और नेटवर्क उपलब्धता को ध्यान में रखकर किया गया है।

वन विभाग भविष्य में इस प्रणाली को और उन्नत बनाने की योजना बना रहा है। एआई मॉडल को हथियारों की पहचान करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे अवैध शिकार जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *