• Fri. May 8th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

दून अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामा, पंजीकरण काउंटर में तोड़फोड़

ByParyavaran Vichar

May 8, 2026

देहरादून ।  देहरादून  के दून अस्पताल की इमरजेंसी में गुरुवार को तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया और पंजीकरण काउंटर पर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान काउंटर का शीशा टूट गया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक महिला इलाज के लिए इमरजेंसी में पहुंची थी और पंजीकरण कराने के लिए लाइन में खड़ी थी। काफी देर इंतजार के बाद जब उसका नंबर आने वाला था, तभी कर्मचारी ने उसे दूसरी लाइन में लगने के लिए कहा। इस बात पर महिला नाराज हो गई। महिला का आरोप है कि कर्मचारी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।

इसके बाद महिला ने अपने बेटे को बुला लिया। कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। गुस्साए तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया और पंजीकरण काउंटर पर लगे शीशे को तोड़ दिया। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इमरजेंसी में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। हाल ही में कुछ तीमारदारों द्वारा डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और डॉक्टरों में भी भय का माहौल है।

दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है। संबंधित कर्मचारी से जवाब मांगा गया है और इमरजेंसी प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तीमारदारों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की गई है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *