• Fri. May 8th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

हरिद्वार में 23 मदरसों की सरकारी सहायता राशि रोकी गई, 10 संचालकों ने बंदी का नोटिस दिया

ByParyavaran Vichar

May 8, 2026

हरिद्वार । हरिद्वार   में मदरसों की जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 23 मदरसों की सरकारी सहायता राशि तत्काल प्रभाव से रोक दी है। इनमें लक्सर के सुल्तान क्षेत्र के छह मदरसे भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ शिकायत मिलने पर प्रारंभिक जांच में गड़बड़ियां पाई गईं।

सरकार की ओर से मदरसों को मिड-डे मील सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ और आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मदरसों की निगरानी शुरू की गई थी। इसी क्रम में 19 अप्रैल को प्रशासन ने मदरसों की मॉनिटरिंग के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। संचालकों को रोजाना बच्चों की उपस्थिति और मिड-डे मील की तस्वीरें साझा करने के निर्देश दिए गए थे।

जांच के दौरान चार मदरसों ने कोई रिपोर्ट नहीं भेजी, जबकि तीन मदरसों ने योजनाओं से संबंधित आवश्यक डाटा उपलब्ध नहीं कराया। प्रशासन की सख्ती के बाद 10 मदरसा संचालकों ने बंदी का नोटिस भी दे दिया है। इन सभी मामलों की अब विस्तृत जांच की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी और संबंधित एसडीएम/तहसीलदार की संयुक्त समिति गठित की है। समिति को मदरसों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि जांच में अनियमितता पाए जाने वाले मदरसों को बंद किया जाएगा, जबकि सभी मानकों का पालन करने वाले मदरसों को ही संचालन की अनुमति मिलेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *